मुजफ्फरपुर से टाटा और रांची के लिए शुरू हुई अत्याधुनिक सुख-सुविधाओं से लैस सरकारी बस, जानें किराया

शुक्रवार से बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की बसों का परिचालन मुजफ्फरपुर से रांची और टाटा के लिए शुरू हो गई। पहले दिन में 20 की संख्या में यात्री रांची के लिए रवाना हुए। वहीं टाटा जाने वालों की संख्या ना के बराबर रही। जिले के डीएम प्रणव कुमार ने हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया। मौके पर डीएम ने कहा कि बस परिचालन शुरू होने से रांची और टाटा जाने वाले लोगों को काफी सहूलियत होगी। उन्होंने लोगों से सुविधा का लाभ उठाने के लिए आग्रह किया।

डीएम ने कहा कि पथ परिवहन निगम में लगातार यात्री सुविधाओं में इजाफा कर रहा है। कई लंबे रूटों पर बस सेवा की शुरुआत हुई है। स्टैंड में भी यात्रियों की कई सुविधाओं का विकास होगा। इस अवसर पर डीएम के साथ आरटीए सचिव वरुण कुमार मिश्रा, डीटीओ सुशील कुमार एवं एमवीआइ रंजीत कुमार आदि उपस्थित रहे।

क्षेत्रीय प्रबंधक आशीष कुमार ने जानकारी दी कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बस के भीतर दो और बाहर एक सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है। यात्रियों के लिए मोबाइल चार्जिंग की सुविधा दी गई है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सुमन कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि रोजाना शाम 4:00 बजे बस खुलेगी। बस पटना, बिहारशरीफ, रजौली, तिलैया, बढ़ही, हजारीबाग, रामगढ़ के रास्ते अगले दिन सुबह ढ़ाई बजे रांची एवं छह बजे टाटा पहुंचेगी।

बता दें कि बस टाटा से रोजाना शाम 4:00 बजे खुलेगी और अगले दिन सुबह 5:50 में मुजफ्फरपुर पहुंचेगी। 42 सीटों वाली यह वातानुकूलित और कई सुविधाओं से लैस है। टाटा रांची के लिए लोग मुजफ्फरपुर दरभंगा से सरकारी बस शुरू करने के लिए कई सालों से मांग कर रहे थे। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने लोगों की मांग पूरी करते हुए बस सेवा को मंजूरी दी है।

बताते चलें कि मुजफ्फरपुर से पटना के लिए 158 रुपए, बिहारशरीफ के लिए 261, रजौली के लिए 357, तिलैया के लिए 396, बढ़ही के लिए 458, हजारीबाग के लिए 509, रामगढ़ के लिए 576 व रांची के लिए 636 जबकि टाटा जाने वाले यात्रियों 830 रुपए देने होंगे। यात्री बिहार निगम की ऑफिशियल वेबसाइट या निजी बुकिंग के वेबसाइट से भी टिकट बुकिंग कर सकते हैं।

Join Us

Leave a Comment