तीरंदाज दीपिका कुमारी की शानदार यात्रा : बाँस से बने तीर-कमान से लेकर विश्व तीरंदाजी रैंकिंग के शीर्ष तक।

रांची की 27 वर्षीया दीपिका ने पेरिस में आयोजित तीरंदाजी वर्ल्ड कप स्टेज 3 में तीन स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही विश्व की नंबर 1 महिला तीरंदाज के रूप में अपना स्थान फिर से हासिल कर लिया है।

बिहार ख़बर डेस्क : झारखंड की राजधानी रांची से बमुश्किल 15 किलोमीटर दूरी पर बसे रातू गांव की एक 12 वर्षीय आदिवासी लड़की को एक खेल के रूप में तीरंदाजी के बारे में भले ही बहुत कम जानकारी थी लेकिन इसके प्रशिक्षण के साथ मिलने वाले मुफ्त भोजन, जो उसकी पोषण क्षमता को बढ़ाने वाली थी, के लालच से परे रहना उसके लिए मुश्किल सा था।

इसलिए उसने सरायकेला में स्थित एक तीरंदाजी अकादमी में दाखिला लिया, जहां उसने अकादमी के प्रशासन से अनुरोध किया कि उससे कोई आशा छोड़ने से पहले उसे अपना प्रदर्शन दिखाने के लिए कम-से-कम तीन महीने का समय दें। एक साल बाद ही उसे जमशेदपुर में स्थित और प्रतिष्ठित माने जाने वाली टाटा तीरंदाजी अकादमी द्वारा चुन लिया गया।

दीपिका कुमारी ने रविवार को पेरिस में आयोजित तीरंदाजी विश्व कप स्टेज 3 में महिला व्यक्तिगत, महिला टीम और मिश्रित टीम में स्वर्ण पदक की तिकड़ी (हैट्रिक) के लगाने के साथ ही विश्व की नंबर एक महिला तीरंदाज के रूप में अपना स्थान फिर से हासिल कर लिया है- यह एक ऐसी उपलब्धि है जो उन्होंने पहली बार 2012 में हासिल की थी।

27 वर्षीय दीपिका ने अपने साथी तीरंदाजों, अंकिता भक्त और कोमलिका बारी के साथ मिलकर मेक्सिको के खिलाफ फाइनल में मिली जीत के साथ इस स्पर्धा का अपना पहला स्वर्ण पदक हासिल किया।

इसके थोड़े ही समय के बाद उन्होंने मिश्रित युगल वर्ग के फाइनल में अपने पति अतानु दास के साथ जोड़ी बनाते हुए नीदरलैंड के सजेफ वैन डेन बर्ग और गैब्रिएला श्लोसेर की जोड़ी को हराया।अंत में उन्होंने दुनिया की 17वें नंबर की रूसी तीरंदाज एलेना ओसिपोवा को हराकर अपनी तिकड़ी (गोल्डन हैट्रिक) पूरी की।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दीपिका को बधाई देते हुए ट्वीट किया।

दीपिका कुमारी के पिता शिव नारायण महतो ने कहा, ‘मैं उसे हार्दिक बधाई देना चाहता हूं, वह वास्तव में कड़ी मेहनत कर रही है। उसने जो हासिल किया है उससे हम सब बहुत खुश हैं। अतानु दास और दीपिका ने मिश्रित रिकर्व स्पर्धा में भी जीत हासिल की, इसलिए यह हमारे लिए बहुत गर्व का क्षण है।’

Join Us

Leave a Comment