बिहार में इस दिन से तेज होगा ठंड का कहर, 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे आ सकता है न्यूनतम तापमान।

फिलहाल बिहार में मौसम का मिजाज लगातार बदलता हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि शनिवार को मौसम काफी सुहावना रहा लेकिन इसके बाद भी मौसम विज्ञानियों की भविष्यवाणी है कि अगले कुछ दिन में ठंड बढ़ सकती है। बिहार राज्य के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों जैसे कैमूर, गया और रोहतास के कुछ जिलों में आगामी 2-3 दिनों में पारा 10 डिग्री से नीचे जा सकती है। दरसल न्यूनतम तापमान में संभावित गिरावट की वजह हिमालय की चोटी से आने वाली सर्द पश्चिमी हवाएं हैं।

दरसल बिहार में मौसम को लेकर पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी आशीष कुमार सिंह ने बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पिछले कुछ दिनों के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी हुई। जिससे देश के उत्तरी व मध्य हिस्सों में सर्द हवाओं की रफ्तार तेज होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि ये सर्द हवाएं बिहार के दक्षिण-पश्चिमी जिलों में भी प्रवेश करेंगी, जिससे आनेवाले अगले 2-3 दिनों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे गिर सकता है।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा भविष्यवाणी की गई है कि उत्तर बिहार में न्यूनतम तापमान 14-16 डिग्री रहेगा। वहीं दक्षिणी जिलों में अधिकांश जगहों पर 10-14 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 10-14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। वहीं शनिवार को गया न्यूनतम तापमान 9 डिग्री के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा।

शनिवार को निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट ने भी बताया कि बिहार के कुछ हिस्सों सहित पूर्वी भारत में तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गई है। उधर, उत्तर-पश्चिम की ओर से आने वाली ठंडी हवाएं तापमान में गिरावट के जिम्मेदार हैं। स्काईमेट ने बताया कि मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ पूर्व की ओर चला जाएगा। वहीं 21 नवंबर से पश्चिमी हिमालय के बर्फीले पहाड़ों से बर्फीली ठंडी हवाएं चलनी प्रारंभ हो जाएंगी।

Join Us