दरभंगा एयरपोर्ट पर 38 करोड़ खर्च कर बनेगा सिविल एन्क्लेव, यात्रियों को होगी सुविधा।

बिहार के दरभंगा सवाई से आवाजाही करने वाले यात्रियों को अगले साल से सिविल एन्क्लेव में भीड़ नहीं झेलना पड़ेगा। यात्रियों की ज्यादा संख्या को देखते हुए वर्तमान टर्मिनल भवन के बगल में नया सिविल एन्क्लेव बनेगा। 2.42 एकड़ में नया टर्मिनल बनेगा। यह जगह वर्तमान टर्मिनल के पास में है। जानकारी के मुताबिक, 10 दिनों में भवन निर्माण का कार्य शुरू होगा। भवन के सीमांकन का कार्य शुरू है। सिविल एन्क्लेव निर्माण में कुल 38 करोड़ रुपए खर्च होंगे। 2023 के सितंबर तक भवन का निर्माण हो जाएगा। नये भवन बनने से यात्रियों के आवाजाही और प्रस्थान में सुविधा होगी। नये भवन से यात्रियों को एयरपोर्ट के अंदर प्रवेश मिलेगा। वहीं, मौजूदा सिविल एन्क्लेव से यात्री बाहर निकलेंगे।

बता दें कि दरभंगा एयरपोर्ट से 8 नवंबर 2020 को उड़ान सेवा की शुरुआत हुई थी। तत्काल 300 पैसेंजर क्षमता का टर्मिनल भवन बना था। कुछ ही महीने में यात्रियों के शानदार सपोर्ट से यह भवन छोटा होने लगा। इस एयरपोर्ट से रोजाना यात्री करने बालों की संख्या 1000 से 1500 के बीच हो गई जिसमें धीरे-धीरे बढ़ोतरी होती गई। फिलहाल सामान्य दिनों 1500 से 2000 यात्री रोजाना सफर करते हैं।

इस वजह से यात्रियों को सिविल एंक्लेव में बैठने की जगह तक नहीं मिल पाती है। यात्रियों को कई घंटे खड़े रहकर समय गुजारना पड़ता है। नए भवन के निर्माण होने से यह समस्या दूर होगी। एयरपोर्ट के निदेशक सत्येंद्र ओझा के मुताबिक 19 दिसंबर से नया सिविल एंक्लेव का काम शुरू हो जाएगा। भवन निर्माण हो जाने से यात्रियों को सफल करने में सुविधा होगी।

Join Us