बिहार में नए साल पर होगी बंपर बहाली, जाने पुलिस महकमे में कितने पदों पर होगी भर्ती।

अगले साल यानी 2023 में बिहार के पुलिस महकमे में 75 हजार पदों पर भर्ती होगी। सिपाही से लेकर दरोगा और अलग-अलग वर्गों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू होगी। इसको लेकर पुलिस मुख्यालय में शुक्रवार को मीटिंग हुई। इन पदों को सृजित करने की प्रक्रिया को स्वीकृति दी गई। इतनी बड़ी तादाद में पुलिस की भर्ती के बाद प्रशिक्षण केंद्र, रहने का बंदोबस्त, आधारभूत संरचना व संसाधन को लेकर तैयारी प्रारंभ कर दी गई है। इसके लिए हर जिले में भू-सम्पदा कोषांग गठित की जाएगी।

बिहार पुलिस के मुखिया एसके सिंघल ने इस प्रस्ताव पर अपनी मंजूरी दे दी है। डीजीपी सिंगल के नेतृत्व में हुई बैठक में जरूरी आधारभूत निर्माण कार्य, भविष्य में पुलिस बलों की संख्या बढ़ोतरी होने पर उनके रहने के लिए भवन, भवनों के निर्माण हेतु जमीन की उपलब्धता और पहले से पुलिस विभाग के पास मौजूद भू संपदा के संरक्षण को लेकर मंतव्य दिए गए। महिला कर्मियों की सहूलियत के लिए शौचालय की स्थिति बेहतर करने को कहा गया। एसपी को भू-संपदा कोषांग गठन करने को कहा गया है।

सीएम नीतीश कुमार ने 16 नवंबर को मैदान से एक साथ 10,459 पुलिस कर्मियों को नियुक्ति पत्र देने के साथ पुलिस में आगामी दिनों में लगभग एक लाख पदों पर भर्ती की नींव रख दी थी। लगभग 12 करोड़ की आबादी वाली प्रदेश के लिए प्रति एक लाख की जनसंख्या पर 170 पुलिस कर्मी के मानक का ऐलान किया गया था। इस मानक को पूर्ण करने के लिए बिहार पुलिस में दो लाख पुलिस कर्मियों की भर्ती की जरूरत है।

Join Us