लखीसराय में बनेगा मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, खर्च होंगे 8.55 करोड़ रुपए, खिलाड़ियों को मिलेगी ट्रेनिंग की सुविधा।

लखीसराय को राज्य सरकार ने विशेष तोहफा दिया है। बता दें कि 8 करोड़ 55 लाख रुपए खर्च कर सरकार मल्टी स्पोर्ट्स कंपलेक्स बनाएगी। भारत सरकार की खेलो इंडिया स्कीम के तहत लखीसराय का चयन हुआ है। मल्टी स्पोर्ट्स कंपलेक्स का निर्माण कलेक्ट्रेट के गांधी मैदान के समीप खेल भवन के पास में होगा। यह कंपलेक्स 22400 वर्गफीट में बनेगा।

जिले के डीएम संजय कुमार ने स्पोर्ट्स कंपलेक्स निर्माण के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा है। यह शहर में दूसरा संस्थान होगा जो खेल से संबंधित होगा। पहले ही यहां खेल भवन का निर्माण हो गया है। बीते वर्ष ही सीएम नीतीश कुमार ने खेल भवन का शुभारंभ किया था। आगामी कुछ वर्षों में यहां के खिलाड़ियों को खेल संस्थान के तौर पर स्पोर्ट्स कंपलेक्स की सौगात मिलेगी। स्पोर्ट्स कंपलेक्स का मकसद इलाके के युवा वर्ग और बच्चों में खेल के प्रति रुचि पैदा करना है।

यहां के खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स कंपलेक्स में इंडोर गेम में ट्रेनिंग की सुविधा मिलेगी। ट्रेनिंग भी दिया जाएगा। मालूम हो कि केंद्र सरकार खेल के क्षेत्र में बढ़ावा देने के उद्देश्य से खेलो इंडिया स्कीम संचालित कर रही है। यहां से ट्रेनिंग लेकर खिलाड़ी देश तथा विदेशों में अपनी प्रतिभा दिखा पाएंगे। मल्टी स्पोर्ट्स के निर्माण की खबर सुनकर खिलाड़ी और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।

Join Us