भागलपुर से रांची का सफर होगा आसान, 22 साल बाद फिर चलेगी सरकारी बस, जाने कितना होगा किराया।

22 सालों के बाद भागलपुर से रांची के बीच पुनः सरकारी बस सेवा शुरू हो रही है। यह बस एक सप्ताह में शुरू हाेगी, जाे देवघर हाेते हुए रांची जाएगी। स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी ने परिवहन निगम को दो बसों का परमिट बीते दिनों दिया था। अब केवल काउंटर सिग्नेचर होना है। बता दें कि यह बस सुबह के 7:45 बजे भागलपुर के तिलकामांझी सरकारी बस डिपो से खुलेगी जो हंसडीहा, बौंसी, देवघर होते हुए संध्या 7:50 बजे रांची पहुंचेगी। जबकि रांची से सुबह के 5:45 बजे खुलेगी और भागलपुर शाम के 6:30 बजे पहुंचेगी। देवघर का किराया 182 रुपया निर्धारित किया गया है।

परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक पवन कुमार शाडिल्य ने जानकारी दी कि भागलपुर से रांची का किराया 528 रुपया होगा। देवघर का किराया 182 रुपया होगा। लंबे समय से झारखंड के लिए बस सेवा शुरू करने की मांग चल रही थी। जिसके बाद 12 बसों के लिए पटना मुख्यालय को‌ प्रस्ताव भेजा गया था। जिसमें दो को मंजूरी मिली। दोनों ही बस डीलक्स है। इसमें 42 सीट है। इससे दिन में रांची जाने वाले लोगों को काफी सहुलियत होगी। क्योंकि सुबह के समय रांची के लिए भागलपुर से कोई बस नहीं चलती है। सभी निजी बसें रात्रि में चलती हैं।

परिवहन निगम कार्यालय में बहाल कंट्रोलर शंभू शर्मा बताते हैं कि कि 90 के दशक में भागलपुर से रांची का किराया 66 रुपया होता था। अंतिम दफा साल 2000 में वहां के लिए बस खुली थी। पहले भागलपुर से प्रतिदिन 108 गाड़ियां आसपास के जिले, देवघर, कोलकाता, हजारीबाग, रांची आदि के लिए खुलती थीं। मगर बीते 20 सालों में हालात बदल गई है। अभी परिवहन निगम की केवल 18 बसें चलती हैं।

Join Us