भागलपुर में भोलानाथ फ्लाईओवर के लिए दो जगहों से पहुंच पथ का होगा निर्माण, नितिन नवीन ने किया ऐलान

बिहार सरकार के उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन इन दिनों अपने पुराने संसदीय क्षेत्र भागलपुर के विभिन्न जगहों का दौरा कर रहे हैं। कल उद्योग मंत्री का भोलनाथपुल फ्लाईओवर इशाकचक संपर्क पथ संघर्ष कमिटी के सदस्यों ने पुरजोर तरीके से स्वागत किया। सस्‍तु भगत काली मंदिर कैंपस में आयोजित कार्यक्रम में संघर्ष समिति के सैकड़ों सदस्य और पूर्वी इलाके के काफी तादाद में लोग मौजूद थे। बड़ी संख्या में बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने भी समारोह में शिरकत किया।

पथ निर्माण मामले के मंत्री नितिन नवीन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे। मंत्री ने कहा कि वे 10 दिन के भीतर भागलपुर आ रहे हैं। यहां आकर संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। उन्होंने कहा कि भोलानाथ पुल फ्लाईओवर बनाने के साथ ही 2 जगहों पर संपर्क पथ निर्माण का प्लान बन चुका है।

आपको बता दें कि पहला संपर्क पथ अद्भुत हनुमान मंदिर से रेलवे स्‍टेशन की तरफ और दूसरा भोलानाथ पुल से इशाकचक विषहरी स्‍थान की ओर निर्माण किया जाएगा। निर्माण प्रक्रिया में आने वाली दिक्कतों और वहां के लोगों से मुलाकात करने मंत्री खुद भागलपुर आएंगे। मंत्री ने कहा कि संपर्क पथ की मांग का आवेदन रोहित पांडे ने दिया था। मांग ऊंचित‌ थी, इस वजह से मंजूरी दे दी गई।

उद्योग मंत्री ने कहा कि वे भागलपुर के विकास के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। क्षेत्र में उनकी कई योजनाएं हैं। हमेशा उनका सम्मान दक्षिणी इलाके से किया है। इसलिए वे भी इस इलाके की समस्याओं को लेकर गंभीर रहते हैं। उन्होंने खुद भोलानाथ पुल बनाने और दो स्थानों पर संपर्क पथ को लेकर नितिन नवीन से बात की थी। इससे लोगों के आवागमन में काफी सहूलियत होगी। फ्लाईओवर निर्माण के साथ ही संपर्क पथ निर्माण पर मंजूरी मिल गई है। उन्होंने संघर्ष समिति के सदस्यों से अपील किया कि इसे खत्म कर विकास की ओर रुख करना चाहिए। उन्होंने भाजपा से विधायक के प्रत्याशी रहे रोहित पांडे के पक्ष में रहने की बात कहीं।

Join Us