भागलपुर के लोगों के लिए खुशखबरी, यहां से झारखंड के साहेबगंज के लिए चलेगी बस

साहेबगंज जाने के लिए जल्द ही भागलपुर पथ परिवहन निगम की बस सेवा शुरुआत होने जा रही है। इसकी तमाम तैयारियां पूरी हो चुकी है। अब बस के सफर से झारखंड जाना सुविधाजनक हो जाएगा। गौरतलब हो कि झारखंड के किसी जिले के लिए भागलपुर से बस सेवा की शुरुआत नहीं की गई थी। पहले देवघर के लिए बसों का परिचालन होता था, लेकिन बाद में उसे भी बंद कर दिया गया।

पथ परिवहन निगम भागलपुर की ओर से झारखंड के लिए कोई बस नहीं चलाई जाती थी। साहेबगंज जाने के लिए लोगों को ट्रेन का सफर ही करना पड़ता है। फिलहाल भागलपुर से झारखंड के लिए भागलपुर-वनांचल एक्सप्रेस, साहेबगंज इंटरसिटी व कई अन्य ट्रेनें चलती है।

निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक पवन कुमार शॉडिल्य बताते हैं कि बहुत जल्द भागलपुर से साहेबगंज के लिए बस सेवा की शुरुआत हो जाएगी। उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर चलने के लिए परमिट भी पास हो गया है। दो से 3 दिन के भीतर परमिट मिल जाएगा। इसके अलावा रूट तैयार करने के लिए मुख्यालय को भेजा गया है। बहुत जल्द भागलपुर के लोग बस से साहेबगंज का सफर करते दिखेंगे।

भागलपुर पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक की मानें तो, परमिट मिलता ही बस का परिचालन शुरू हो जाएगा। 1 से 2 दिन में किराया भी निर्धारित कर लिया जाएगा। बता दें कि पहले भागलपुर से झारखंड के देवघर के लिए बस चलती थी। उसे बंद हुए कई वर्ष बीत गए। झारखंड के अन्य जिलों में बस सेवा शुरू करने के लिए मुख्यालय को ज्ञापन सौंपा गया है।

Join Us