बिहार में UPSC-BPSC प्रारंभिक परीक्षा पास करने वाली महिला अभ्‍यर्थियों को सौगात, मिलेगी आर्थिक मदद।

पूरा देश 15 अगस्त के दिन स्वतंत्रता दिवस के जश्न में डूबा रहा। चारों ओर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया। देशभक्ति गानों से माहौल गुंजायमान था। इन्हीं सबके बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में तिरंगा फहराया। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने वाली महिला उम्मीदवारों के लिए बड़ा ऐलान किया है।

बिहार वासियों को संबोधित करते हुए सीएम नीतीश कुमार ने कहा है कि संघ लोकसेवा आयोग के द्वारा आयोजित की जाने वाली सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा क्लियर करने वाली महिला उम्मीदवारों को 1 लाख रुपए की आर्थिक मदद की जाएगी। इसी तरह बिहार लोक सेवा आयोग के द्वारा आयोजित राज्य स्तर के सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा पास करने वाली महिला उम्मीदवारों को 50 हजार रुपए राशि प्रदान की जाएगी। सीएम नीतीश के इस ऐलान से महिला उम्मीदवारों की बड़ी वित्तीय मदद हो सकेगी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने झंडा तोलन के बाद कहा कि राज्य सरकार मंदिरों की चारदीवारी को ऊंचा कर रही है, जिससे मूर्ति चोरी पर विराम लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि बापू सभागार में 5000 लोगों के बैठने का प्रबंध किया गया। मुजफ्फरपुर में सभागार का निर्माण चल रहा है। राष्ट्रपति रहे दिवगंत एपीजे अब्दुल कलाम के नाम पर साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है। सीएम ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर प्रयास जारी है।

Join Us