बिहार के युवाओं के लिए खुशखबरी, स्वास्थ्य विभाग में 60 हजार पदों पर होगी बहाली, सरकार का ऐलान।

बिहार के वैसे युवा जो सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं, उनके लिए बड़ी खुशखबरी है। भोजपुर में मेंटल हॉस्पिटल के उद्घाटन के दौरान तेजस्वी यादव ने कहा कि जल्द ही सरकार स्वास्थ्य विभाग में 60 हजार पदों पर बहाली की प्रक्रिया शुरू करेगी। बता दें कि उपमुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ शुक्रवार को भोजपुर में बिहार के पहले मेंटल हॉस्पिटल का उद्घाटन किया। इस हॉस्पिटल की शुरुआत साल 2006 में हुई थी। अब जाकर अस्पताल भवन का निर्माण पूरा हुआ है।

भोजपुर में बिहार राज्य मानसिक स्वास्थ्य एवं सहबद्ध विज्ञान संस्थान के खुल जाने से मानसिक मरीजों को बड़ी सुविधा मिलेगी। रोगियों को दूसरे स्टेट में जाकर उपचार कराने की जरूरत नहीं होगी। उप मुख्यमंत्री तेजस्वी ने कहा कि बिहार में जिला अस्पतालों की सुविधा में बढ़ोतरी की जाएगी। इसके लिए सरकार हर स्तर पर काम शुरू कर रही है। ने जानकारी दी कि सभी अस्पतालों को अपने सुधार और काम की लिस्ट दी गई है। डॉक्टर हॉस्पिटल में होंगे और रोगियों का इलाज करेंगे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में लगातार स्वास्थ्य सेवाओं पर काम हो रहा है। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतरीन होंगी। इसके लिए मैन पावर की कमी को दूर किया जाएगा। उन्होंने इस दौरान ऐलान किया कि जिस तरह प्रदेश के हर जिले में इंजीनियरिंग कॉलेज खुल रहे हैं, वैसे ही प्रदेश के हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज खुलेंगे। राज्य सरकार के द्वारा यह मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे। मुख्यमंत्री ने मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में केंद्र सरकार को आठ मेडिकल कॉलेज खोलने थे लेकिन अभी तक उसके लिए राशि आवंटित नहीं हुए।

Join Us