बिहार के नील आर्यन ने हासिल किया मिस्टर इंडिया वर्ल्ड वाइड का खिताब, एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत।

बिहार के युवाओं में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। इस बात को एक बार फिर से राजधानी पटना के निवासी नील आर्यन ठाकुर ने साबित कर दिखाया है। आपको बता दें कि पटना के नील आर्यन ने “रूबरू मिस्टर इंडिया वर्ल्ड वाइड” 2022 का खिताब अपने नाम कर लिया है। यह खिताब जीतने के बाद नील आज पटना पहुंचे जहां एयरपोर्ट पर उनका काफी जोरदार स्वागत किया गया। हालांकि निल के स्वागत के लिए काफी अधिक संख्या में उनके प्रशंसक वहां पहुंचे थे। नील के प्रशंसकों ने ढोल नगाड़े, फूल माला और गुलदस्ते के साथ पूरे हर्षोल्लास के साथ उनका स्वागत किया।

बीते 5 अक्टूबर को संपन्न हुए ‘रूबरू मिस्टर इंडिया’ 2022 राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता चेन्नई में आयोजित हुई थी, जिसमें 36 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और कई राउंड पार करने के उपरांत बिहार का प्रतिनिधित्व करने वाले नील आर्यन ठाकुर ने “मिस्टर इंडिया वर्ल्ड वाइड” का खिताब जीता। अरुण ठाकुर एवं भारती ठाकुर के पुत्र नील आर्यन ठाकुर का जन्म स्थान पटना है। नील के पिता भारतीय प्रशासनिक सेवा में हैं और मां गृहिणी हैं। नील की छोटी बहन आकांक्षा अरुण मैनचेस्टर इंग्लैंड में उच्च शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। नील ने बताया कि किशोरावस्था में वे मोटापे के शिकार हो गए थे लेकिन अपने दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत से उन्होंने अपना कायाकल्प किया।

नील आर्यन की प्रारंभिक शिक्षा डीएवी भागलपुर से हुई, जबकि इटली के मिलान से इन्होंने इंडस्ट्रियल डिजाइन से स्नातक और नर्सी मूंजी मुंबई से MBA किया। फिर नील ने मुंबई में रहकर फैशन मॉडलिंग एवं अभिनय के क्षेत्र में जाने का फैसला लिया, ” रूबरू मिस्टर इंडिया वर्ल्ड वाइड “2022 का खिताब प्राप्त करने से पहले नील 2019 में डॉलीवुड मिस्टर इंडिया का खिताब जीत चुके हैं, कई विज्ञापन फिल्मों में काम करने के साथ नील आर्यन ” मिस यूनिवर्स हरनौत कौर संधू” के साथ म्यूजिक एल्बम में भी काम किये है। हालांकि नील थिएटर से भी जुड़े रहे हैं। अपनी दृढ़ इच्छा शक्ति व मेहनत के कारण “रूबरू मिस्टर इंडिया वर्ल्ड वाइड” 2022 का खिताब जीतने वाले बिहार के पहले युवा होने का गौरव हासिल किया है।

उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और परिजनों को देते हुए कहा कि उन्हें हमेशा परिवार का भावनात्मक सहयोग और समर्थन मिला है। इस सफलता के बाद नील अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होने वाले “मिस्टर मॉडल वर्ल्ड वाइड” में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। नील मूल रूप से सहरसा जिले के चैनपुर गांव के निवासी है। उनके इस सफलता से ना की सिर्फ सहरसा में बल्कि नील ने बिहार के गौरवशाली इतिहास में एक और कड़ी जोड़ दिया है। इस मौके पर उपस्थित नील के चाचा भगवान ठाकुर, निरंजन ठाकुर, संजीव ठाकुर, मनोज ठाकुर ने नील के सफल और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Join Us