बिहार के छह जिले लू के चपेट में, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

बिहार में मार्च के महीने में ही भीषण गर्मी पड़ रही है। आसमान की प्रचंड किरणों के बीच पछुआ हवाओं के प्रभाव से राज्य के गया, औरंगाबाद, रोहतास, जमुई, बांका और बक्सर का तापमान 40 डिग्री के पार चला गया है। बीते दो दिनों में इन जिलों में 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवा का प्रभाव जारी है।

शुक्रवार के दिन राज्य का सबसे गर्म जगह बक्सर रहा। यहां सबसे ज्यादा पाया 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ‌वहीं औरंगाबाद में 41.3 डिग्री, गया में 40.1 डिग्री, रोहतास में 40.8 डिग्री, बांका में 40.6 डिग्री जबकि जमुई में 40 डिग्री के पार रहा। इन 6 जिलों के लिए मौसम विभाग ने हीट वेव की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में गर्म हवाओं के चलते लू की स्थिति बनी रहेगी। जैसे ही गया में 0.1 डिग्री पारा ऊपर चढ़ा तो गत दो वर्ष की अप्रैल महीने में सबसे ज्यादा पारे का रिकॉर्ड टूट सकता है।

प्रतीकात्मक चित्र

पिछले 24 घंटे में राजधानी पटना सहित राज्य के सभी शहरों में अधिकतम तापमान में वृद्धि रिकॉर्ड की गई है। सोमवार को पटना का अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कमोबेश यही स्थिति मुजफ्फरपुर, भागलपुर में बनीं रही।

मौसम विभाग ने बिहार के उत्तर-पूर्वी इलाके में दो, तीन और चार अप्रैल को आंशिक बारिश की संभावना जताई है। पूर्वानुमान जताया गया है कि आने वाले 2 दिनों तक अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक गिरावट दर्ज हो सकती है। इन जिलों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और मौसम खुशनुमा बना रहेगा।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के निदेशक विवेक सिन्हा ने बताया कि पछुआ हवा के प्रभाव से सूबे के 6 जिलों में लू की स्थिति बनी हुई है। इन जिलों के लिए शनिवार को हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग में औरंगाबाद, गया, रोहतास और बक्सर के लोगों को दोपहर के समय सचेत रहने की हिदायत दी है।

Join Us