पटना यूनिवर्सिटी का 146 करोड़ की लागत से बदलेगा सूरत, कैंपस में मिलेगी हाईटेक सुविधाएं

बिहार के पटना विश्वविद्यालय (PU) में अब हाईटेक सुविधाएं मिलेंगी। विश्वविद्यालय परिसर में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित प्रशासनिक और शैक्षणिक ब्लॉक बनाए जाएंगे। पटना यूनिवर्सिटी के कुलपति गिरीश कुमार चौधरी ने जानकारी दी कि विश्वविद्यालय परिसर के विकास के लिए नीतीश सरकार ने अनुदान मंजूर किया है।

88 करोड़ की राशि खर्च कर यूनिवर्सिटी परिसर में जी+11 शैक्षणिक ब्लॉक बनाया जाएगा। इसके साथ ही 58 करोड़ खर्च कर जी+9 प्रशासनिक ब्लॉक बनेगा। पांच एकड़ जमीन पर दोनों ब्लॉक का निर्माण होगा। वीसी लॉज और कृष्णा घाट के बीच दोनों ब्लॉक का निर्माण बिहार एजुकेशन इन्फ्राट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन करेगी।

संकेतिक चित्र

गिरीश कुमार चौधरी ने जानकारी दी कि यूनिवर्सिटी का मुख्य कैंपस प्रशासनिक ब्लॉक में स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा डीन, प्लेसमेंट सेल, आईटी सेल, अनुसंधान केंद्र, मूल्यांकन केंद्र और सभागार के दफ्तर भी होंगे। दरभंगा हाउस कैंपस में स्थित सभी स्नातकोत्तर विभागों को समायोजित किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि यूनिवर्सिटी की वाणिज्य शाखा को कैंपस में शिफ्ट करना है। यूनिवर्सिटी के व्हीलर सीनेट हाउस के नवीनीकरण के लिए राज्य सरकार ने 2.84 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है।

गिरीश चौधरी ने बताया कि पटना कॉलेज और पटना साइंस कॉलेज के अलावा यूनिवर्सिटी परिसर में वाई-फाई जोन बनाया जाएगा। केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने इसके लिए 8 करोड रुपए की मंजूरी दी है। यूनिवर्सिटी का विकास अधिकारी परिमल कुमार खान बताते हैं कि शीघ्र ही हाईटेक अनुसंधान केंद्र यूनिवर्सिटी कैंपस में स्थापित होगा, जो 10,812 वर्ग फुट के एरिया में होने वाले वाले जी+2 भवन में रखा जाएगा। पटना साइंस कॉलेज के मैदान में 5.5 करोड़ की राशि खर्च कर एक इंटरनेशनल हॉस्टल का निर्माण किया जाएगा। यहां प्रयोगशालाओं, डेटा सेंटर, कॉन्फ्रेंस हॉल, फैकल्टी रूम, स्टोर और कैफेटेरिया भी बनाए जाएंगे।

Join Us