पटना गोलघर में लंबे वक्त के बाद पर्यटक लेजर शो का फिर से ले सकेंगे आनंद, जाने अब क्या होगा नया और खास

पटना के ऐतिहासिक गोलघर के अंदर एक बार फिर से दर्शक लेजर शो देख सकेंगे। बता दें कि गोलघर के जीर्णोद्धार एवं दूसरे कारणों की वजह से बीते ढ़ाई से तीन सालों से लेजर शो पूरी तरह बंद है। अब अत्याधुनिक मशीनों के जरिए नए रंग रूप में लेजर शो दर्शकों को दिखाया जाएगा। इसके लिए राज्य के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग ने एजेंसी की तलाश शुरू कर दी है।

दीपक आनंद (अपर सचिव, कला-संस्कृति एवं युवा विभाग) ने जानकारी दी कि लेजर शो के संचालन एवं रखरखाव हेतु टेंडर निकाला गया है। 15 जुलाई तक इच्छुक एजेंसी के पास टेंडर जमा करने का मौका है। उम्मीद है कि इसी महीने के आखिर तक एजेंसी का चयन हो जाएगा। अगले महीने से दर्शक पूर्व से बेहतर लेजर शो देख सकेंगे।

प्रतीकात्मक चित्र

बता दें कि एक दिन में गोलघर के अंदर सात लेजर शो‌ होंगे। इसके जरिए दर्शकों को पाटलिपुत्र के गौरवशाली इतिहास और गोलघर बनने की स्टोरी के साथ रोचक जानकारी दूसरे ऐतिहासिक स्थलों के बारे में लाइट एंड साउंड के जरिए बताई जाएगी। एक शो‌ तकरीबन 25 मिनट का होगा। 25 से 30 दर्शक एक बार में लेजर शो का आनंद ले सकेंगे दर्शकों को हेडफोन भी उपलब्ध कराया जाएगा।

मालूम हो कि पटना का गोलघर बेहद प्राचीन और ऐतिहासिक है। अंग्रेजों के शासन काल में बना गोलघर सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र है। पर्यटकों का आकर्षण गोलघर के प्रति बढ़ाने और राज्य की ऐतिहासिक महत्ता को बताने के लिए साल 2015 में गोलघर के अंदर लेजर शो शुरू किया गया था। इसका उद्घाटन सीएम नीतीश कुमार ने किया था। अब पुन: गोलघर खुलने जा रहा है। पर्यटक इसके लिए लंबे वक्त से इंतजार कर रहे थे जो इंतजार खत्म होने जा रहा है। एक बार फिर से दर्शक यहां लेजर शो देख सकेंगे।

Join Us