पटना के प्रखंडों में ई-रिक्शा चार्जिंग के लिए चार्जिंग पॉइंट का निर्माण शुरू, महिलाएं संभालेंगी कमान।

राजधानी पटना के नगर निगम में ई-रिक्शा चार्जिंग के लिए चार्जिंग पॉइंट बनाने का काम जारी है। पाटलिपुत्र ब्लॉक में पानी टंकी के नजदीक से चार्जिंग पॉइंट निर्माण का काम शुरू हो गया है। फिलहाल चार्जिंग पॉइंट निर्माण के लिए भवन निर्माण का काम जारी है। शेड का निर्माण पूरा हो गया है। बता दें कि पानी टंकी के नजदीक कचरा डंपिंग के समीप चार्जिंग पॉइंट का निर्माण हो रहा है।

पाटलिपुत्र ब्लॉक में निर्माणाधीन चार्जिंग पॉइंट पर एक साथ 40 ई रिक्शा चार्ज करने की सुविधा होगी। इसके लिए 20 पॉइंट बनेंगे। एक साथ दो-दो ई रिक्शा को चार्ज किया जा सकता है। मालूम हो कि नगर निगम प्रशासन में लोगों के घरों से कचरा उठाने के लिए ई-रिक्शा को शामिल किया है।

हाल ही में पटना नगर निगम ने 150 नए ई रिक्शा खरीदी है। पूर्व से भी निगम के पास ई-रिक्शा मौजूद है। जानकार बताते हैं कि ई-रिक्शा को चार्ज करने में दिक्कत हो रही थी। इसी को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने सभी ब्लॉक में चार्जिंग प्वाइंट निर्माण का फैसला लिया है।

पटना निगम में काम कर रही महिलाएं 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के मौके पर ई रिक्शा की कमान संभालेंगी। तंग गलियों में लोगों के घरों से कचरा उठाने का काम महिलाओं का होगा। इसके लिए फिलहाल 300 महिलाओं को ट्रेनिंग दिया जा रहा है। सभी ब्लॉकों में ट्रेनिंग देने का काम सितंबर तक पूर्ण कर लिया जाना है।

पटना नगर निगम के आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर बताते हैं कि सभी ब्लॉकों में चार्जिंग पॉइंट का निर्माण किया जाना है। जिससे ई-रिक्शा को चार्ज करने में कोई दिक्कत नहीं हो। घरों से कचरा उठाने में भी परेशानी नहीं हो। तंग गलियों में कचरा गाड़ी नहीं जाने पर उन स्थानों पर ई रिक्शा से कचरा कलेक्शन का काम किया जाना है।

Join Us