पटना के एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी में बनेंगी 5 गैलरी, मिलेगी ये तमाम जानकारियां।

राजधानी पटना के राजेंद्र नगर के प्रेमचंद गोलंबर के नजदीक 21 एकड़ जमीन में निर्माणाधीन एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी में विभिन्न पांच बड़े-बडे़ गैलरी बनाए जाएंगे। गैलरी का डिजाइन फाइनल हो गया है। साइंस एंड टेक्नोलॉजी विभाग के इग्जिबिट एक्सपर्ट समिति के द्वारा फाइनल की गई गैलरी डिजाइन हेतु शीघ्र ही निविदा जारी करेगा फिर भवन निर्माण विभाग के द्वारा गैलरी निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जायेगा।

बता दें कि लगभग सात से आठ एकड़ जमीन पर साइंस सिटी भवन का निर्माण होगा। 321 करोड़ खर्च कर बनाई जा रही डबल स्टोरी साइंस सिटी के पहले माले पर गैलरी का निर्माण होगा। वहीं दूसरे माले पर हॉस्टल बनाया जाएगा।

एग्जिबिट एक्सपर्ट समिति के द्वारा बनाई गई पांच विभिन्न गैलरी का नामकरण किया गया है। इसमें बीए साइंटिस्ट, सस्टेनेबल प्लेनेट, स्पेस एंड एस्ट्रोनॉमी, बेसिक साइंस गैलरी और बॉडी एंड माइंड का नाम दिया गया है। हर गैलरी की अपनी विशेष खासियत होगी जिसके माध्यम से विज्ञान के तमाम पहलुओं को रोचक एवं इन्फॉर्मेटिव तरीके से पेश किया जायेगा।

बता दें कि बीए साइंटिस्ट गैलरी में स्कूली छात्रों की वैज्ञानिक प्रवृति को बढ़ावा देने के मकसद से बनाया जायेगा। इसमें टोटल 14 एग्जिबिट होंगे‌। इसमें देश के प्रमुख वैज्ञानिकों के विषय में जानकारी दी जायेगी। इसके साथ ही थ्री-डी जीयोट्रोप, रिपल टैंक आदि प्रदर्श लगाये जायेंगे।

स्पेस एस्ट्रोनॉमी गैलरी गैलरी में इंडियन स्पेस प्रोग्राम से संबंधित जानकारी शेयर की जायेगी‌। इसके साथ गैलरी में हर महीने के मुताबिक खुली आंखों से दिखने वाले ग्रहों की जानकारी मिलेगी।
यह जानकारी एक बड़ी दीवार पर नई तकनीक का उपयोग कर दिखाया जायेगा।

सस्टेनेबल प्लेनेट गैलरी में कार्बन फुट प्रिंट के जरिए यह समझाने का प्रयास होगा कि किसी भी चीज के उपयोग में पर्यावरण का कितना क्षति होता है। इंसानों की आवश्यकताओं को पूर्ण करने में प्रकृति का कितना शोषण होता है, इसे रोचक तरीके से पेश किया जाएगा।

बॉडी एंड माइंड गैलरी में मनुष्य शरीर के अलग-अलग अंगों की उपयोगिता को समझाने हेतु अलग-अलग प्रदर्श लगाये जायेंगे। इसमें मुख्य तौर पर हृदय के मेकेनिक्स को समझाने हेतु हार्ट शेप गैलरी रहेगी। इसमें लोग खून के प्रवाह और उसकी प्यूरिफिकेशन प्रोसेस को देख पाएंगे। जबकि बेसिक साइंस गैलरी को विशेष रूप से स्कूली बच्चों को ख्याल में रखते हुए डिजाइन बनाया गया है। इसमें स्कूली पाठ्यक्रम से संबंधित विज्ञान के अलग-अलग सिद्धांतों को प्रदर्श के जरिए समझाया जायेगा।

Join Us