बिहार के 22 साल के साकिबुल ने बनाया विश्व रिकॉर्ड, डेब्यू मैच में जड़ा तिहरा शतक

17 फरवरी को रणजी ट्रॉफी सीजन 2021-22 शुरू हो गया। पहले ही दिन कई स्टार बल्लेबाजों ने सैकड़ा जड़कर खूब सुर्खियां बटोरी। लेकिन सीजन के दूसरे ही दिन सारी सुर्खियां डेब्यू कर रहे बिहार के साकिबुल गनी बटोर ले गए। रणजी ट्रॉफी के डेब्यू मैच में तिहरा शतक जड़ने वाले बिहार के साकिबुल गनी इकलौते खिलाड़ी बन गए हैं। साकिबुल की बेहतरीन बल्लेबाजी के सभी मुरीद हो गए। 22 साल के इस क्रिकेटर ने अपने पहले ही मुकाबले में तिहरा शतक ठोककर विश्व रिकॉर्ड बना दिया है।

साकिबुल ने बेहतरीन बल्लेबाजी के दम पर बिहार की गिरती पारी को संभाला। वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने वाले साकिबुल ने कोलकाता में मिजोरम के विरूद्ध 341 रन बनाए और 405 गेंदों का सामना किया। उन्होंने अपने पारी में 56 चौके और दो छक्के लगाए। साकिबुल ने बाबुल कुमार के साथ चौथे विकेट के लिए 520 रनों की रिकॉर्ड पार्टनरशिप की। बिहार ने पहली पारी पांच विकेट पर 686 रन बनाकर घोषित कर दी।

22 साल के साकिबुल गनी बिहार के मोतिहारी जिले से आते हैं। साकिबुल हरफनमौला खिलाड़ी हैं। साल 2017 में बिहार को मान्यता मिलने के बाद वे जलवा बिखेरते आए हैं। सीके नायडू ट्रॉफी में बिहार की ओर से खेलते हुए साकिब ने सत्र 2017-18 और 2018-19 में अपना दमखम दिखा चुके हैं। विजय हजारे ट्रॉफी का भी हिस्सा रह चुके हैं। साकिबुल ने लिस्ट ए के 14 मैचों में 377 रन जबकि, टी-20 के 11 मैचों में 193 रन बनाए हैं।

पिता मन्नान गनी ने बताया कि 8 साल के उम्र से ही साकिबुल ने बल्ला थाम लिया था। उन्हें पूरी उम्मीद थी की बेटे का चयन रणजी ट्रॉफी के होगा और अपनी प्रतिभा से सबका ध्यान खींचेगा। मां आसमा खातून ने बताया कि साकिबुल ने अपनी प्रतिभा की छाप छोड़ी है। वह दिन दूर नहीं जब वह देश के लिए खेलता नजर आएगा। बड़े भाई फैसल ने उनका बखूबी साथ दिया और साकिबुल आसमान की बुलंदियों को छूते गए। विश्व रिकॉर्ड बना चुके साकिबुल के प्रदर्शन से खिलाड़ी और खेल प्रेमियों में जश्न का माहौल है। उनके माता-पिता को बधाई देने लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा है।

Join Us

Leave a Comment